home page

विकसित भारत जी राम जी योजना की खासियत जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने बताई

 | 
विकसित भारत जी राम जी योजना की खासियत जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने बताई


विकसित भारत जी राम जी योजना की खासियत जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने बताई


जांजगीर-चांपा, 02 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनाईडीह में गुरुवार को 'विकसित भारत जी राम जी योजना' के जिला स्तरीय जन सम्मेलन-सह-शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आंध्र प्रदेश के तिरुपति से आयोजित राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण भी देखा और सुना गया। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय स्तर पर योजना का शुभारंभ किया, जिसका सीधा प्रसारण जिले के कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों और बड़ी संख्या में श्रमिकों ने देखा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सोच है कि गांवों का समग्र विकास हो और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन इसी उद्देश्य से किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना अब धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है। जनभागीदारी, जागरूकता और सभी के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले रोजगार गारंटी योजना के तहत ग्रामीणों को 100 दिनों का रोजगार मिलता था, लेकिन अब विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत 125 दिनों का रोजगार और प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और गांवों की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि योजना का संचालन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। इसके तहत जल संरक्षण, जल संचयन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। उनका कहना था कि गांवों का स्थायी विकास तभी संभव है जब ग्रामीण स्वयं विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

जिला पंचायत सदस्य मोहन कुमारी साहू ने कहा कि गांवों के विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से ग्रामीणों को 125 दिनों का रोजगार मिलेगा, जिससे गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और रोजगार के लिए होने वाले पलायन में कमी आएगी।

जनपद पंचायत अध्यक्ष मनीषा चौहान ने कहा कि योजना के जरिए प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में के.के. चंद्रा, रूपा सिंह देव, उत्तरा सिदार, अमिता लहरे, सुरेश साहू और गोकुल जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और गांवों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं श्रमिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT