विकसित भारत 2047: वाड्रफनगर में वीजीपीपी प्रशिक्षण-सह समीक्षा बैठक
बलरामपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने के लिए आज मंगलवार को जनपद पंचायत वाड्रफनगर के सभाकक्ष में वीजीपीपी प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अभिषेक गुप्ता, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और कार्यक्रम अधिकारी की उपस्थिति में हुई बैठक में वीबी-जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण जल्द पूरा कर सीसी कार्य कराने के लिए संबंधित निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया गया। वीबी-जी राम जी के तहत चल रहे निर्माण कार्यों के साथ अन्य योजनाओं के कार्यों को भी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में बालिका शौचालय और मुक्तिधाम के कार्य शुरू कर मस्टर रोल जारी करने तथा श्रमिकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक ग्राम पंचायत को जल संरक्षण के लिए पांच-पांच डबरी निर्माण की फाइल स्वीकृति के लिए जमा करने और 60-40 अनुपात के अनुसार कार्य लेने को कहा गया।
इसके अलावा सेमी स्किल्ड श्रमिकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी दो दिनों के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में तकनीकी सहायक, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

