home page

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में एक पैर पर थिरकते दिव्यांग छात्र का वीडियाे हुआ वायरल

 | 
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में एक पैर पर थिरकते दिव्यांग छात्र का वीडियाे हुआ वायरल


सुकमा, 16 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां पूरा देश आजादी के जश्न में डूबा था, वहीं सुकमा जिले की आकार संस्था के सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति के तरानों पर अपने सहपाठियों के साथ ताल से ताल मिलाकर एक पैर पर थिरकते एक दिव्यांग छात्र चिराग का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में एक पैर से दिव्यांग बालक सेना की वर्दी में देशभक्ति के गीत पर उत्साह, ऊर्जा और चेहरे पर खिली निश्छल मुस्कान के साथ डांस करता दिख रहा है। अपनी शारीरिक चुनौती को भूलकर तिरंगे के साए में साथियों संग कदम से कदम मिलाकर झूमते इस बच्चे का वीडियो को न सिर्फ शेयर कर रहे हैं, बल्कि कमेंट्स में उसकी हिम्मत, मासूमियत और भारत मां के प्रति इस अनोखे समर्पण की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

आकार संस्था में शिक्षा हासिल कर रहा यह छात्र अपनी दिव्यांगता को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी ताकत बनाकर अपने सपनों को संवार रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मंच पर उसकी यह प्रस्तुति केवल एक डांस नहीं, बल्कि हर मुश्किल को हराने के अटूट संकल्प की प्रतीक बन गई है। कदम भले ही एक हो, लेकिन उसके हौसलों की उड़ान ऊंची है। सुकमा के इस छोटे से चिराग की यह प्रेरणादायक झलक आज पूरे देश को संदेश दे रही है कि अगर दिल में जज्बा और देश प्रेम हो, तो कोई भी रुकावट आपको मुस्कुराने और आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे