home page

जांजगीर-चांपा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, दो गंभीर

 | 
जांजगीर-चांपा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, दो गंभीर


जांजगीर-चांपा, 07 अगस्त (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तरौद चौक के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर तरौद चौक के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दो युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस टीम वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सड़क हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT