home page

जगदलपुर में वाहन चालकों ने शुरू किया ‘स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन

 | 
जगदलपुर में वाहन चालकों ने शुरू किया ‘स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन


जगदलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। ड्राइवरों के अधिकार, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान की मांग को लेकर गुरुवार को देशव्यापी स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन का असर बस्तर में भी देखने को मिला। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के आह्वान पर जगदलपुर और आस-पास के प्रमुख मार्गों पर चालकाें ने प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की।

चित्रकोट रोड, केशलूर, धनपुंजी और रायपुर रोड पर वाहन चालकों ने एकजुट होकर आंदोलन में भागीदारी निभाई। देशभर में ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी के आह्वान पर 12 नवंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन आंदोलन के तहत चालकाें ने स्टीयरिंग छोड़कर सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने का प्रयास किया। आंदोलन के केंद्र में तीन प्रमुख मांगें हैं। पहली, ड्राइवरों की सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू किया जाए। दूसरी, उनकी समस्याओं और हितों की सुनवाई के लिए चालक आयोग का गठन हो। तीसरी, चालकाें के सामाजिक और आर्थिक कल्याण के लिए चालक वेलफेयर बोर्ड की स्थापना की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे