कोरबा : अनियंत्रित होकर पलटा दुल्हन को ले जा रहा वाहन, बच्ची की मौत, कई घायल
कोरबा, 20 मार्च (हि. स.)। जिले के बांकी मोगरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में नई नवेली दुल्हन को लेकर लौट रहा चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज शुक्रवार शाम ग्राम कसरेंगा से कोरबा के दादर खुर्द गवन (नई दुल्हन) लेकर जा रहा वाहन क्रमांक सीजी 11 बीजे 9084 दो नंबर डबरीपारा मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में करीब एक दर्जन लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे।
बताया जा रहा है कि उक्त वाहन सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के सोनपुरी गांव का है, जिसे किराए पर लिया गया था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोगरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल बांकी मोगरा स्थित एसईसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही दर्री सीएसपी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

