home page

बस्तर में हाेंगे विविध देशभक्ति कार्यक्रम, 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा के साथ गूंजेगा 'जय हिंद' के नारे

 | 
बस्तर में हाेंगे विविध देशभक्ति कार्यक्रम, 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा के साथ गूंजेगा 'जय हिंद' के नारे


जगदलपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बस्तर जिले में राष्ट्रभक्ति और जन-जागरूकता की एक अभूतपूर्व लहर देखने को मिलेगी, इस दिशा में कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल, संकुल एवं विकासखण्ड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने हेतु व्यापक तैयारी कर ली गई है। आज 10 अगस्त से 15 अगस्त तक विद्यालय, संकुल, विकासखंड तथा ग्राम पंचायतस्तर पर विविध देशभक्ति कार्यक्रमों एवं तिरंगा यात्राओं का एक वृहद रूपरेखा तैयार किया गया है। इस छह दिवसीय विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से आम नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा अमर शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को और प्रगाढ़ बनाना है।

देश की आज़ादी से जुड़ी इस भव्य आयोजन का आगाज़ 10 अगस्त को विद्यालय स्तर पर देशभक्ति थीम पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिताओं के साथ होगा, जहां छात्र-छात्राएं अपनी कला के माध्यम से राष्ट्रीय प्रतीकों को उकेरेंगे और इसके तुरंत बाद विद्यालय स्तर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके अगले दिन यानी 11 अगस्त को संकुल स्तर पर विद्यार्थियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा साइकिलों से देशभक्ति के नारे लगाते हुए एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जो पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंगों से सराबोर कर देगी। 12 अगस्त को यह यात्रा और बड़े पैमाने पर पहुंचेगी, जहां संकुल स्तर से लेकर विकासखंड मुख्यालय तक स्कूली छात्र-छात्राएं अनुशासित पंक्तियों में तिरंगा ध्वज थामे पदयात्रा करेंगे।

इस बारे में जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने बताया कि उक्त आयोजन के क्रम को आगे बढ़ाते हुए 13 अगस्त को विकासखंड स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन होगा, जो विकासखंड मुख्यालय से निकलकर क्षेत्र के किसी विशेष शहीद स्मारक तक पहुंचेगी, जहां देश के वीर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या यानी 14 अगस्त को संध्या के समय प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर हाथ में मशाल और तिरंगा लिए देशभक्ति के नारों के साथ 'तिरंगा मशाल पदयात्रा' निकाली जाएगी। इस मशाल यात्रा के समापन पर एक विशेष जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभक्ति गीत, काव्यपाठ और प्रेरणादायक व्याख्यान प्रस्तुत किए जाएंगे। अंततः 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य अवसर पर सभी विद्यालयों में पूरे हर्षोल्लास के साथ ध्वजारोहण के पश्चात प्रभात फेरी निकाली जाएगी। देशभक्ति के गगनभेदी नारों के बीच सभी विद्यालयों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे