home page

सूरजपुर : उत्कर्ष योजना के तहत पांच जुलाई को प्रवेश परीक्षा, एससी-एसटी छात्रों के लिए अवसर

 | 

कक्षा 6वीं में प्रतिष्ठित शालाओं में प्रवेश हेतु परीक्षा दोपहर 12 से 2 बजे तक होगी आयोजित

बलरामपुर, 25 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत राज्य की उत्कृष्ट एवं प्रतिष्ठित शालाओं में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 5 जुलाई को आयोजित की जाएगी।

जिला प्रशासन से गुरुवार काे प्राप्त जानकारी के अनुसार यह प्रवेश परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरजपुर स्थित परीक्षा केंद्र में आयोजित होगी। इस परीक्षा के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए चयनित किया जाएगा।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी अभ्यर्थी को किसी कारणवश प्रवेश पत्र प्राप्त नहीं हो पाता है, तो वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति के साथ परीक्षा केंद्र पर परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पूर्व उपस्थित होकर केंद्राध्यक्ष से संपर्क कर प्रवेश पत्र की द्वितीय प्रति प्राप्त कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय