home page

एमसीबी : उत्कर्ष योजना की प्रवेश परीक्षा स्थगित

 | 

-कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए शासन जल्द जारी करेगा संशोधित कार्यक्रम

एमसीबी, 01 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली लिखित परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है।

प्रवेश प्रक्रिया एवं आबंटित संस्थाओं के इम्पैनलमेंट कार्य में विलंब होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 26 जुलाई, रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा अब निर्धारित तिथि पर आयोजित नहीं होगी।

कार्यालय कलेक्टर (आदिवासी विकास), मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा साेमवार काे परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को इस संबंध में सूचित किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार का आवेदन जमा नहीं किया जाए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आवंटित संस्थाओं में प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश शासन स्तर से प्राप्त होने के बाद परीक्षा की नई तिथि एवं आगे की प्रक्रिया की जानकारी पृथक रूप से जारी की जाएगी।

प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी केवल अधिकृत शासकीय स्रोतों से ही प्राप्त करें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन की सुविधा प्रदान की जाती है, जिससे उनके शैक्षणिक और प्रतिस्पर्धात्मक विकास को नई दिशा मिलती है। शासन द्वारा नई परीक्षा तिथि एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अद्यतन जानकारी शीघ्र जारी किए जाने की संभावना है, जिसके बाद इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल