home page

उरला फैक्ट्री हादसा: तीन श्रमिकों की मौत, कंपनी देगी 30-30 लाख मुआवजा

 | 

रायपुर, 8 जुलाई (हि. स.)। उरला औद्योगिक क्षेत्र के ग्राम बेन्द्री स्थित मेसर्स 3-डी इनोवेशन फैक्ट्री में बीते मंगलवार को हुए भीषण हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कारखाने की सभी विनिर्माण गतिविधियों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। वहीं, कंपनी प्रबंधन ने मृतक तीनों श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई है।

बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार को फैक्ट्री के फेरो एलॉयज डिवीजन में फर्नेस के लांसिंग कार्य के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट हो गया था। हादसे में श्रमिक अरुण पाण्डेय, लाल सिंह और कमल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई तथा प्रबंधन और कर्मचारियों से प्रारंभिक पूछताछ की।

प्रारंभिक जांच के आधार पर फैक्ट्री की सभी विनिर्माण गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। इस संबंध में फैक्ट्री के अधिभोगी और प्रबंधक को आदेश जारी किया गया है।

विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि, फैक्ट्री बंद रहने की अवधि में सभी कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन और अन्य भत्तों का भुगतान समय पर किया जाए।

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने बताया कि, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर