महर्षि कश्यप की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए बनेगी प्रेरणा का केंद्र : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हटरी पारा में किया महर्षि कश्यप की प्रतिमा का अनावरण
रायपुर, 24 नवंबर (हि. स.)। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज मंगलवार को कबीरधाम जिले के जिला मुख्यालय कवर्धा के हटरी पारा में 9 लाख 75 हजार की लागत से निर्मित महर्षि कश्यप चौक एवं महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा का अनावरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर महर्षि कश्यप का स्मरण किया। नवनिर्मित महर्षि कश्यप चौक को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। प्रतिमा अनावरण के अवसर पर कसौधन गुप्ता समाज के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों द्वारा उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना का उद्देश्य केवल उनका स्मरण करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा देना भी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

