सिद्धिविनायक मंदिर में 35वें वर्ष अखंड जलाभिषेक
गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ के साथ विशेष पूजन
धमतरी, 13 सितंबर (हि.स.)। सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय एवं जनकल्याण तथा सनातन संस्कृति संरक्षण की भावना के साथ भगवान सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में 35वें वर्ष अखंड जलाभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। वेदी पूजन के बाद सुबह छह बजे अखंड जलाभिषेक प्रारंभ हुआ, जो आज सुबह छह बजे तक अनवरत जारी रहेगा। इसके बाद सुबह आठ बजे भगवान सिद्धिविनायक का विशेष श्रृंगार, सुबह 10 बजे हवन-पूजन तथा दोपहर 12 बजे महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।
पूजन में यजमान परिवार प्रितेश गांधी और प्रियंका गांधी तथा मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष रोहिताश मिश्रा की मौजूदगी में मुख्य पुजारी आचार्य पंडित होमन प्रसाद शास्त्री एवं वैदिक ब्राह्मणों ने पूजन-अर्चना कर जलाभिषेक प्रारंभ कराया। गणपति अथर्वशीर्ष का अनवरत पाठ पंडित श्रीकांत तिवारी, पंडितकामेश्वर पांडेय, पंडित नरेश धर दीवान, पंडित चिरागधर दीवान, पंडित वैभव धर दीवान, पंडित नितिन दीवान और पंडित सुरेंद्र पांडेय द्वारा किया जा रहा है। जलाभिषेक में श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए।
मंदिर के पुजारी आचार्य पंडित होमन महाराज ने बताया कि गणपति भगवान को जल अर्पित करने की धार्मिक मान्यता मन की शांति, बुद्धि की स्थिरता और विघ्न-बाधाओं से मुक्ति से जुड़ी है। इस बार तीज और गणेश चतुर्थी का विशेष संयोग होने से आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह है। महिलाओं द्वारा भगवान शिव-पार्वती की पूजा के साथ गणेश पूजा कर सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की जा रही है। आयोजन में ब्रह्म योग और मुद्गल योग के संयोग को भी विशेष धार्मिक महत्व बताया जा रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस अवसर पर गणेश आराधना से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

