home page

बलरामपुर जिला अस्पताल में बन रहा यूडीआईडी कार्ड

 | 
बलरामपुर जिला अस्पताल में बन रहा यूडीआईडी कार्ड


अब तक 140 दिव्यांगजनों को मिली विशिष्ट पहचान, योजनाओं का लाभ लेना होगा आसान

बलरामपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले के दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पताल में प्रत्येक शुक्रवार काे यूडीआईडी (यूनीक डिसएबिलिटी आईडी) कार्ड निर्माण शिविर आयोजित किया जा रहा है। आज रविवार काे जिला प्रशासन ने बताया कि इस पहल के तहत अब तक 140 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए जा चुके हैं।

विशेष शिविर में दिव्यांगजनों और स्कूली बच्चों का चिकित्सकीय परीक्षण, दस्तावेजों का सत्यापन और ऑनलाइन पंजीयन एक ही स्थान पर किया जा रहा है। इसके बाद यूडीआईडी कार्ड जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाती है। इस व्यवस्था से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से दिव्यांगजन केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सहायक उपकरण, कौशल विकास, यात्रा रियायत और अन्य सुविधाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र दिव्यांगजनों, उनके परिजनों, अभिभावकों तथा विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों से अपील की है कि जिनका यूडीआईडी कार्ड अभी तक नहीं बना है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रत्येक शुक्रवार जिला अस्पताल में आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर पंजीयन और कार्ड निर्माण की प्रक्रिया पूरी कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय