home page

समान नागरिक संहिता पर आठ अक्टूबर को अंबिकापुर में परिचर्चा, बलरामपुर समेत पांच जिलों के प्रतिनिधि देंगे सुझाव

 | 

बलरामपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का प्रारूप तैयार करने के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की ओर से 8 अक्टूबर को अंबिकापुर में समूह चर्चा और परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। आज शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार बैठक दोपहर 3 बजे होगी, जिसमें बलरामपुर-रामानुजगंज समेत सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

बैठक में राजनीतिक दलों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, शिक्षाविदों, गणमान्य नागरिकों तथा निगम, मंडल और आयोगों के प्रतिनिधि यूसीसी के प्रस्तावित प्रावधानों और संभावित प्रभावों को लेकर अपने विचार व सुझाव रख सकेंगे।

राज्य शासन ने सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में समिति का गठन किया है। समिति विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार, दत्तक ग्रहण और लिव-इन संबंध जैसे व्यक्तिगत विषयों से जुड़े मामलों के लिए समान कानून का प्रारूप तैयार कर रही है।

समिति के अनुसार यूसीसी के तहत किसी व्यक्ति के धर्म, आस्था, पूजा पद्धति या धार्मिक प्रथाओं में बदलाव करना उद्देश्य नहीं है। जनजातीय समुदायों की पारंपरिक प्रथाओं पर संभावित प्रभाव का आकलन भी समिति के कार्यों में शामिल है। सुझाव समिति की वेबसाइट ucc.cgstate.gov.in के माध्यम से भी दिए जा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय