फुटू ढूंढने जंगल गए दो ग्रामीणों पर भालू ने किया हमला
धमतरी, 05 अगस्त (हि.स.)। मौसमी सब्जी फुटू ढूंढने अलसुबह जंगल गए दो ग्रामीणों पर भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों ग्रामीण किसी तरह भालू के चंगुल से छूटकर खून से लथपथ हालात में गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उपचार के लिए दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार मगरलोड थाना क्षेत्र के वन परिक्षेत्र उत्तर सिंगपुर अंतर्गत ग्राम परसाबुड़ा निवासी रामप्रसाद साहू और ग्राम अमलीडीह निवासी एक ग्रामीण दोनों पांच अगस्त की अलसुबह फुटू ढूंढने के लिए गांव के कुआंबार जंगल में गए। दोनों फुटू ढूंढ रहे थे, तभी एक भालू से दोनों का सामना हो गया। भालू ने एक के बाद एक दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। किसी तरह दोनों ग्रामीण भालू के चंगुल से छूटकर जंगल की ओर से भाग निकले और खून से लथपथ हालात में गांव पहुंचे। स्वजन व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दिए, तो तत्काल दोनों उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मगरलोड पहुंचाया। दोनों को उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
भालू ने ग्रामीणों के गर्दन पर हमला किया है। इसके अलावा शरीर के कई अन्य अंगों को चोटिंल किया है। इधर घटना की खबर के बाद वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी घायलों से मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे। घायलों को बेहतर उपचार कराकर विभागीय मदद करने का आश्वासन दिए है।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों बारिश के मौसम के चलते वनांचल क्षेत्र के लोग जंगल में फुटू, बोड़ा व बासकरी ढूंढने सुबह से पहुंच जाते हैं, इस दौरान इस तरह की घटनाएं सामने आ रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

