home page

(अपडेट) 99.25 लाख से बनेगी दो आरसीसी नालियां, कुरूद में जलभराव से मिलेगी राहत

 | 
(अपडेट) 99.25 लाख से बनेगी दो आरसीसी नालियां, कुरूद में जलभराव से मिलेगी राहत


धमतरी, 30 जुलाई (हि.स.)। कुरूद नगर में वर्षों से चली आ रही जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर पालिका परिषद कुरूद क्षेत्र में दो आरसीसी नालियों के निर्माण के लिए 99 लाख 25 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की है।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद संचालनालय ने इन कार्यों की प्राविधिक स्वीकृति जारी कर दी है। स्वीकृत कार्यों के तहत वार्ड क्रमांक-1 में भारतीय स्टेट बैंक से छोटे नहर तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 53 लाख 17 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक-21 में मंगलम हार्डवेयर से छोटे नहर तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 46 लाख 8 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं। इन नालियों के निर्माण से वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या में कमी आएगी, जल निकासी व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित शहरी वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।

विधायक अजय चंद्राकर ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से कुरूद नगर की लंबे समय से चली आ रही जल निकासी संबंधी समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी कुरूद नगर के विकास के लिए जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा