धमतरी : मोटर सायकिलों में आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत
धमतरी, 27 फ़रवरी (हि.स.)। दो मोटर सायकिल में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा में दोनाें मोटर सायकिल में सवार एक-एक युवक की मौत हो गई और दो घायल हुए है, जिनका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।
करेलीबड़ी पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी की देर शाम में मेघा निवासी संदीप साहू उर्फ संजय और दिनेश साहू मधुबन मेला घूम कर अपने रिश्तेदार को छोड़ने बाइक से धौराभाटा जा रहे थे, तभी सामने से आ रही कुंडेल निवासी बेंदू ध्रुव एवं राजाडेरा निवासी चंद्रकुमार की बाइक में ग्राम कुंडेल के बिजली आफिस के पास रात करीब नौ बजे आमने-सामने दोनों बाइक में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा भयानक होने से बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और मोटर सायकिल में सवार सभी चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को नयापारा के निजी अस्पताल में उपचार कराने ले जाया गया, जहां मोटर सायकिल सवार संदीप साहू व बेंदु ध्रुव को ज्यादा चोटें लगने से दोनों की मौत हो गई। जबकि दिनेश साहू और चंद्रकुमार गंभीर रूप से घायल है, जिनका नयापारा हास्पिटल में उपचार चल रहा हैं।
इधर घटना की सूचना मिलते ही करेलीबड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम शव को भेज दिया। चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे ने बताया कि, प्रथम दृष्टयां दोनों मोटर सायकिल की रफ्तार अधिक होना बताया जा रहा है। हादसा में संदीप साहू व बेंदु ध्रुव की मौत हुई है। इस खबर से मृतकों के स्वजन व गांव में शोक की लहर है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

