हत्या के फरार आरोपित नाबालिग समेत दो गिरफ्तार
धमतरी, 08 मई (हि.स.)। रुपये की लेनदेन की बात को लेकर चाकू मारकर बुजुर्ग की हत्या करने वाले फरार एक नाबालिग समेत दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार काे न्यायालय में पेश कर एक आरोपित को जेल भेज दिया गया है। इससे पूर्व एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार किया जा चुका है। हत्या के इस पूरे मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
भखारा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छह मई की रात महावीर चौक भखारा में रुपये की पुरानी लेन-देन एवं एक्सीडेंट की बात को लेकर विवाद हुआ। यहां आरोपितों ने मिलकर मारपीट करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक ने धारदार चाकू से बुजुर्ग अन्नु निर्मलकर के गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जिला अस्पताल धमतरी में डाक्टरों उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर थाना भखारा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपित चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार आरोपित राहुल कंवर उर्फ राहुल बटन उर्फ सरकार उम्र 20 वर्ष निवासी भखारा को आठ मई को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई। आरोपित घटना को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहा था। वहीं इस घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

