ट्रक-बसों के चालक संघ तीन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे, मिला आश्वासन
जगदलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। बस्तर संभाग के वाहन चालकों का तीन सूत्री मांगों काे लेकर स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन लगातार जारी है। चालकों के वाहन नहीं चलाने से माल परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। इस बीच शासन स्तर से सोमवार तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन मिला है, लेकिन बस्तरिया ट्रक ड्राइवर संघ ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि सोमवार तक ठोस आदेश जारी नहीं हुए, तो आंदोलन को आक्रामक रूप देते हुए पूरे संभाग में उग्र चक्काजाम किया जाएगा।
वाहन चालकों का तीन सूत्री मांगों में सुरक्षा कानून : सड़क पर मारपीट, लूट व दुर्व्यवहार रोकने के लिए सख्त कानून लागू हो, बीमाः दुर्घटना में मृत्यु पर 10 लाख व दिव्यांगता पर 05 लाख मुआवजा, हिट-एंड-रन कानून में राहतः सख्त सजा न हो, को लेकर स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन लगातार जारी है।
बस्तरिया ट्रक ड्राइवर संघ के संगठन प्रभारी महेश दास ने कहा कि बस्तर संभाग पूरी तरह सड़क परिवहन पर निर्भर है। संभाग के सातों जिलों (बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर) में राशन, सब्जियां, दवाइयां, पेट्रोल-डीजल और निर्माण सामग्री की आपूर्ति ट्रकों के जरिए ही होती है। चालक दिन-रात, धूप-बारिश और दुर्गम रास्तों की परवाह किए बिना जरूरी सामान एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाते हैं। हम काम करते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को चलाने वाले प्रमुख स्तंभ हैं। इसके बावजूद न तो हमारी सुनवाई हो रही है और न ही सड़क पर हमारा सम्मान सुरक्षित है। छोटी-छोटी बातों पर सड़क पर हमारे साथ मार-पीट की जाती है। सरकार ने सोमवार तक मांगें मानने का आश्वासन दिया है, यदि मांगे नही मानी जायेगी ताे बस्तर में चक्काजाम जैसे उग्र आंदोलन किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

