home page

बलरामपुर : जनचौपाल में उठी समस्या, दिव्यांग मंगरू राम को मिली ट्रायसाइकिल

 | 
बलरामपुर : जनचौपाल में उठी समस्या, दिव्यांग मंगरू राम को मिली ट्रायसाइकिल


बलरामपुर, 15 जून (हि.स.)। सोमवार को जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल का सकारात्मक परिणाम तब देखने को मिला, जब विकासखंड कुसमी के दूरस्थ ग्राम सुपढाका निवासी दिव्यांग मंगरू राम को ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई गई। लंबे समय से आवागमन की समस्या से जूझ रहे मंगरू राम के लिए यह सहायता नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत जिगनियां के आश्रित ग्राम सुपढाका में आयोजित पहाड़ी कोरवा जनजाति चौपाल के दौरान कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ग्रामीणों की समस्याएं सुन रही थीं। इसी दौरान 60 प्रतिशत दिव्यांग मंगरू राम की परेशानी उनके संज्ञान में लाई गई। बताया गया कि उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और दैनिक कार्यों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था।

मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद समाज कल्याण विभाग द्वारा मंगरू राम को ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई गई। ग्राम पंचायत की सरपंच मानमती ने उन्हें ट्रायसाइकिल सौंपकर सहायता प्रदान की।

ट्रायसाइकिल मिलने के बाद मंगरू राम के लिए आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। अब वे अपने दैनिक कार्य अधिक सुविधा और आत्मनिर्भरता के साथ कर सकेंगे।

मंगरू राम ने खुशी जताते हुए कहा कि पहले उन्हें कहीं आने-जाने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन ट्रायसाइकिल मिलने से उनकी बड़ी समस्या दूर हो गई है। उन्होंने इस सहायता के लिए जिला प्रशासन और कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि जनचौपालों के माध्यम से जिला प्रशासन दूरस्थ और विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है। इससे जरूरतमंद हितग्राहियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय