home page

प्रथम महिला सांसद मिनीमाता ने दलित-शोषितों और नारी शक्ति को दी नई पहचान: सुमन मेश्राम

 | 
प्रथम महिला सांसद मिनीमाता ने दलित-शोषितों और नारी शक्ति को दी नई पहचान: सुमन मेश्राम


मिनीमाता की पुण्यतिथि पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

धमतरी, 11 अगस्त (हि.स.)। जोधापुर डाकबंगला वार्ड में 11 अगस्त को भारत की प्रथम महिला सांसद एवं महान समाजसेविका मिनीमाता की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्षद सुमन सोमेश मेश्राम शामिल हुईं और मिनीमाता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी

इस अवसर पर उन्होंने मिनीमाता के जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों की आवाज को बुलंद कर उन्हें नई पहचान दिलाई। सुमन मेश्राम ने कहा कि मिनीमाता ने अपना पूरा जीवन दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने छुआछूत, सामाजिक भेदभाव और असमानता के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई तथा समाज में समानता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उस दौर में जब महिलाओं के लिए राजनीति और संसद तक पहुंचना बेहद कठिन था, मिनीमाता ने अपने संघर्ष और नेतृत्व क्षमता से महिलाओं के लिए नई राह बनाई। उन्होंने महिला शिक्षा, स्वावलंबन और नारी सम्मान को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनीं। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम माना और पिछड़े क्षेत्रों में स्कूल खोलने तथा बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया।

मिनीमाता ने “मानव-मानव एक समान” का संदेश देकर समाज में समता और बंधुत्व की भावना मजबूत करने का प्रयास किया। सांसद के रूप में उन्होंने संसद में गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनका जीवन सादगी, सेवा, संघर्ष और समर्पण का प्रतीक रहा है। सुमन मेश्राम ने कहा कि मिनीमाता के विचार आज भी समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मनोज खरे, साहिल टंडन, आशीष रात्रे, विनोद डिढोकर, आर.पी. संभाकर, बल्दी राम कोसरे, शेख लाल गहरवाल, सुरेन्द्र जांगड़े और कृष्णा टंडन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा