home page

जांजगीर-चांपा : पुलिस स्मृति सप्ताह में प्रधान आरक्षक ललित खरसन को दी श्रद्धांजलि, उनके पुराने स्कूल में गूंज उठी शौर्य और बलिदान की गाथा

 | 
जांजगीर-चांपा : पुलिस स्मृति सप्ताह में प्रधान आरक्षक ललित खरसन को दी श्रद्धांजलि, उनके पुराने स्कूल में गूंज उठी शौर्य और बलिदान की गाथा


जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर (हि. स.)। पुलिस स्मृति सप्ताह के अंतर्गत जांजगीर पुलिस द्वारा आज शहीद प्रधान आरक्षक ललित खरसन के बलिदान को नमन करते हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। विशेष बात यह रही कि यह कार्यक्रम उसी विद्यालय में आयोजित हुआ, जहां बलिदान जवान ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने शहीद जवान के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जांजगीर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पुटपुरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला विजयापारा में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यालय परिवार ने बलिदान प्रधान आरक्षक ललित खरसन को नमन करते हुए देश और समाज की सुरक्षा के लिए दिए गए उनके बलिदान को याद किया।

पुलिस स्मृति सप्ताह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बलिदान पुलिस जवानों के साहस और बलिदान को स्मरण करने के साथ ही नई पीढ़ी को उनके कर्तव्यनिष्ठ जीवन से प्रेरित करना रहा। जिस विद्यालय में ललित खरसन ने शिक्षा प्राप्त की थी, उसी परिसर में उनकी शहादत को याद करना विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रेरणादायक अवसर बना।

कार्यक्रम में थाना जांजगीर से प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिव्या कुर्रे, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी और आरक्षक दिलीप सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने बलिदान जवान के साहस, समर्पण और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

पुलिस स्मृति सप्ताह के माध्यम से पुलिस विभाग उन वीर जवानों को सम्मान दे रहा है, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। शहीद प्रधान आरक्षक ललित खरसन की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम उनके शौर्य और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT