home page

अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर रायपुर में श्रद्धांजलि, जनप्रतिनिधियों ने किया नमन

 | 
अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर रायपुर में श्रद्धांजलि, जनप्रतिनिधियों ने किया नमन


रायपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर रविवार को राजधानी रायपुर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान का स्मरण किया।

अवंति विहार कॉलोनी स्थित एटीएम चौक में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकान्त राठौड़, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, जोन-10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी, एमआईसी सदस्य, पार्षद, एल्डरमैन, सामाजिक कार्यकर्ता तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में पोखरण परमाणु परीक्षण की सफलता ने भारत की सामरिक क्षमता को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि अटलजी के नेतृत्व और दूरदर्शी निर्णयों ने देश को नई दिशा प्रदान की।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने राजनीतिक शुचिता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवेदनशील नेतृत्व का जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह आज भी सार्वजनिक जीवन के लिए प्रेरणास्रोत है।

सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन का श्रेय अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को अलग राज्य की पहचान दिलाने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

वहीं, अवंति विहार स्थित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए उनके राष्ट्रहित, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल