लोहंडीगुड़ा में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, गोलीकांड शहीद स्थल पर दी गई श्रद्धांजलि
जगदलपुर 15 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा स्थित ऐतिहासिक गोलीकांड शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के अमर शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम के सरपंच सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण जन एकत्रित हुए। सभी उपस्थित लोगों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर और मौन रखकर अपने पूर्वजों के सर्वोच्च बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। वक्ताओं ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और शहीदों के आदर्शों पर प्रकाश डाला। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे शहीदों के दिखाए मार्ग पर चलते हुए क्षेत्र के विकास और अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति और अपने गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान का वातावरण बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

