कमार समाज की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
धमतरी, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले की विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समाज के प्रतिनिधिमंडल ने 9 जुलाई काे कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से मुलाकात कर मूलभूत सुविधाओं, शिक्षा, आवास, सड़क, आजीविका और सामाजिक अधोसंरचना से जुड़ी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने समाज की पारंपरिक संस्कृति का परिचय देते हुए बांस की टोकरी में वर्षा ऋतु में मिलने वाली दुर्लभ वन उपज ‘बोड़ा’ भेंट कर कलेक्टर का सम्मान किया। इस दौरान कलेक्टर ने कमार समाज की लोक संस्कृति और वन आधारित आजीविका की सराहना करते हुए इसे जिले की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। प्रतिनिधिमंडल ने नगरी स्थित कमार आवासीय विद्यालय में शीघ्र प्राचार्य की नियुक्ति, कमार सामाजिक भवन में शेड और आहाता निर्माण, विभिन्न कमार बसाहटों तक सर्व मौसम सड़क निर्माण, पात्र परिवारों को भूमि पट्टा, पारंपरिक बांस शिल्प के लिए बांस की उपलब्धता, जनमन आवास योजना की लंबित राशि तथा मनरेगा मजदूरी का शीघ्र भुगतान कराने की मांग रखी। साथ ही बोदलाबाहरा-बरबांधा से आवासपारा कमारपारा, आमगांव से कछारपारा, भूरसीडोंगरी से कमारपारा, घूरावड़ कमारपारा, दूधावा से कोरमुड़ कमारपारा तथा बिलभदर सहित अन्य बसाहटों तक सड़क निर्माण की आवश्यकता भी बताई।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि, विशेष पिछड़ी जनजातियों के समग्र विकास, शिक्षा, आवास, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी मांगों का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला संरक्षक सरोज कुमार नेताम, जिला अध्यक्ष बुधलाल नेताम, जिला सचिव बुधारू कमार, ब्लॉक अध्यक्ष (नगरी-धमतरी) श्रवण कुमार सोरी, ब्लॉक अध्यक्ष मगरलोड रतनु सोरी, जिला संरक्षक सदस्य बरनी बाई कमार, कमार आवासीय शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष राजाराम कमार, मुन्नालाल कमार, हरिलाल कमार, लखनतीन कमार सहित समाज के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

