home page

जांजगीर-चांपा में मिशन कर्मयोगी के तहत ‘साधना सप्ताह’ की तैयारी, अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

 | 
जांजगीर-चांपा में मिशन कर्मयोगी के तहत ‘साधना सप्ताह’ की तैयारी, अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित


जांजगीर-चांपा, 02 अप्रैल (हि. स.)। जिले में मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत “राष्ट्रीय अधिगम सप्ताह – साधना सप्ताह 2026” के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में गुरुवार काे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रशिक्षण सह-कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रशासनिक क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले में आज 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक साधना सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक प्रशासनिक दक्षताओं, डिजिटल गवर्नेंस, व्यवहारिक कौशल और भूमिका आधारित प्रशिक्षण से सशक्त बनाना है, ताकि शासन की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और नागरिक हितैषी बन सके।

बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साधना सप्ताह में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईगॉट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों का अधिक से अधिक अध्ययन कर प्रशिक्षण प्राप्त करें। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े पाठ्यक्रम—एआई फॉर ऑल, एआई की मूल बातें, अनुप्रयोग, नैतिकता और प्रशासन में एआई के उपयोग—को अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि आईगॉट प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिगम की प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। साधना सप्ताह के दौरान प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के लिए न्यूनतम चार घंटे का अध्ययन अनिवार्य रहेगा। साथ ही विभागीय स्तर पर प्रशिक्षण, सेमिनार और अन्य गतिविधियों का आयोजन कर अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि ऑनलाइन मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों के डेटा, वेतन, उपस्थिति और प्रदर्शन प्रबंधन जैसे कार्यों को सुव्यवस्थित किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और दक्षता में वृद्धि होगी। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को इस सिस्टम पर अनिवार्य रूप से ऑनबोर्ड करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, ईडीएम सुनील साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT