home page

महिलाओं व बच्चों के कानूनी अधिकारों के लिए अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

 | 
महिलाओं व बच्चों के कानूनी अधिकारों के लिए अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण


धमतरी, 13 नवंबर (हि.स.)। महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की रक्षा, महिला सुरक्षा तथा उनसे संबंधित कानूनी प्रविधान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को धमतरी में राज्य महिला आयोग की पहल पर एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण हुआ।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. ममता साहू की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में छह जिलों के महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न कानूनी प्रविधानों, पुलिस की भूमिका तथा पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में धमतरी के साथ रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, कांकेर एवं बालोद जिले के सखी वन स्टाप सेंटर के काउंसलर, केस वर्कर, मेडिकल पर्सन, संरक्षण अधिकारी, महिला हेल्प डेस्क के पुलिसकर्मी तथा विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों ने महिलाओं और बच्चों से जुड़े विभिन्न कानूनों की विस्तार से जानकारी दी। जिला बाल संरक्षण अधिकारी आनंद पाठक ने किशोर न्याय अधिनियम (जेजे एक्ट) और पाक्सो एक्ट के प्रविधानों पर प्रकाश डालते हुए बाल अधिकारों एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी पहलुओं को समझाया।

धनंजय तिवारी ने भारतीय न्याय संहिता, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा महिलाओं के अधिकारों से संबंधित अन्य कानूनों की तकनीकी जानकारी दी।एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा ने महिला सुरक्षा के मामलों में पुलिस की भूमिका और सखी वन स्टाप सेंटर के साथ पुलिस विभाग के बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर विस्तार से बताया। दानिश हुसैन ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी देते हुए प्रशिक्षार्थियों को संवेदनशील परिस्थितियों में पीड़ितों के साथ व्यवहार और सहयोग के संबंध में प्रशिक्षित किया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं सदस्यों ने भी महिलाओं और बच्चों के कानूनी अधिकारों, सुरक्षा तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया एवं सुश्री दीपिका सोरी आयोग के सचिव रमेश साहू, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन देवहारी, संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम, एसडीएम कल्पना ध्रुव तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महेश मरकाम उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा