प्रयास विद्यालय में यातायात एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 300 विद्यार्थी हुए लाभान्वित
- चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
रायपुर, 11 अक्टूबर (हि. स.) । पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से प्रयास विद्यालय, सड्डू में आज रविवार को यातायात एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसीपी ट्रैफिक सीमा अहिरवार उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनमें प्रारंभ से ही यातायात नियमों के पालन तथा सुरक्षित व्यवहार की आदत विकसित करना आवश्यक है। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। उन्होंने सड़क सुरक्षा को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने तथा फर्जी कॉल, संदेश और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए, ताकि वे साइबर अपराधों का शिकार होने से बच सकें।
यातायात एवं साइबर जागरूकता विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना, साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सतर्कता बढ़ाना तथा उन्हें जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

