home page

दंतेवाड़ा में शारदीय नवरात्रि को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

 | 
दंतेवाड़ा में शारदीय नवरात्रि को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी


दंतेवाड़ा, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस ने शारदीय नवरात्रि पर्व 2026 के दौरान यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित रखने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। मां दंतेश्वरी मंदिर में 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्रि पर्व आयोजित होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने वाले हैं। पुलिस ने यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए भारी वाहनों, बस व छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए हैं तथा पार्किंग व्यवस्था भी की है।

भारी वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग रायपुर, कोंडागांव व जगदलपुर से किरंदुल/बचेली जाने वाले भारी वाहन केशलूर से कटेकल्याण होते हुए दंतेवाड़ा एसबीआई बैंक चौक की ओर आवागमन करेंगे। बचेली, किरंदुल व दंतेवाड़ा से जगदलपुर, कोंडागांव व रायपुर जाने वाले भारी वाहन एसबीआई बैंक चौक से कटेकल्याण होते हुए केशलूर की ओर जाएंगे। बचेली/किरंदुल से बीजापुर जाने वाले भारी वाहन दंतेवाड़ा से फरसपाल चौक होते हुए गीदम की ओर आवागमन करेंगे। बीजापुर से आने वाले वाहन गीदम से फरसपाल होते हुए दंतेवाड़ा पहुंचेंगे। बस व अन्य छोटे वाहनों के लिए मार्ग रायपुर, कोंडागांव व जगदलपुर से किरंदुल/बचेली जाने वाले वाहन गीदम हरम चौक से दंतेवाड़ा रेलवे क्रॉसिंग, गायत्री चौक व जिला अस्पताल रोड होते हुए एसबीआई बैंक चौक की ओर आएंगे। बचेली, किरंदुल व दंतेवाड़ा से जगदलपुर, कोंडागांव व रायपुर जाने वाले वाहन एसबीआई बैंक चौक से जिला अस्पताल रोड, गायत्री चौक, रेलवे क्रॉसिंग व हरम चौक गीदम की ओर जाएंगे।

पार्किंग व्यवस्था

जगदलपुर, बीजापुर व गीदम की ओर से आने वाले वाहनों के लिए: वीआईपी पार्किंग होटल देवभोग के पीछे। दोपहिया वाहनों के लिए न्यू अग्रवाल मार्ट के बाजू में। कार व अन्य चारपहिया वाहनों के लिए हाईस्कूल ग्राउंड में। बचेली, किरंदुल व कुआकोंडा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए एसबीआई बैंक चौक से फॉरेस्ट नाका पानी टंकी की ओर निर्धारित मार्ग से पूर्व मेला स्थल (तेंदूपत्ता गोदाम) के बगल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

प्रतिबंधित मार्ग

11 से 19 अक्टूबर तक गायत्री चौक से जय स्तंभ चौक होते हुए बस स्टैंड तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर केवल पैदल श्रद्धालुओं को अनुमति होगी। सभी भारी वाहनों का दंतेवाड़ा शहर के मुख्य मार्गों से आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा। उन्हें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करना होगा। एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन व अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।

पुलिस ने श्रद्धालुओं, वाहन चालकों व आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन न खड़ा करें तथा पुलिस व यातायात कर्मियों को सहयोग दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे