home page

बदहाल नयापारा की सड़क का खामियाजा व्यापारियों व आम राहगीरों को भुगतना पड़ रहा : राजेंद्र पटवा

 | 
बदहाल नयापारा की सड़क का खामियाजा व्यापारियों व आम राहगीरों को भुगतना पड़ रहा : राजेंद्र पटवा


जगदलपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। शहर अध्यक्ष जिला कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ राजेंद्र पटवा ने कहा कि निगम क्षेत्र अंतर्गत मोतीलाल नेहरू वार्ड नयापारा के सड़क निर्माण में हो रही देरी और बदहाली को लेकर पूर्व में कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन और धरना दिया गया था। इसके दबाव में आकर प्रशासन और ठेकेदार ने आनन-फानन में निर्माण कार्य तो शुरू कराया, लेकिन स्थिति सुधारने की जगह और बदतर बना दी गई।

उन्हाेंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर आधे हिस्से में सिर्फ गिट्टी-बजरी डालकर छोड़ दिया गया है, जबकि दूसरा आधा हिस्सा पूरी तरह उपेक्षित है। सड़क की इस बदहाली का सबसे बड़ा खामियाजा स्थानीय व्यापारियों और आम राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। ठेकेदार की लापरवाही और स्थानीय भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों की चुप्पी व मनमानी के कारण नयापारा में निर्मित हो रही सड़क आम जनता के लिए सुविधा बनने के बजाय “हादसों का सड़क” साबित हो रही है। वहीं स्थानीय पार्षद और भाजपा नेता किस मुंह से इसे आदर्श वार्ड या आदर्श सड़क बनाने का दावा करते हैं?

राजेंद्र पटवा ने कहा कि दिन-रात उड़ती धूल के कारण दुकानदारों का व्यापार ठप्प हो चुका है और दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है। आधे-अधूरे निर्माण और गिट्टी फैले होने के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। उन्हाेंने भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वार्ड पार्षद को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जनता और व्यापारी सभी त्रस्त हैं, लेकिन सत्ता के नशे में चूर जनप्रतिनिधियों को आम जनमानस की पीड़ा से कोई सरोकार नहीं है।

जनप्रतिनिधियों के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है, और उनकी चुप्पी कई तरह के भ्रष्ट साठ-गांठ की ओर इशारा करती है। कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ ने शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग को स्पष्ट चेतावनी दी है, कि यदि नयापारा सड़क का निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के साथ तत्काल पूर्ण नहीं किया गया और धूल व गड्ढों से राहत नहीं दिलाई गई, तो कांग्रेस पार्टी व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को साथ लेकर एक बार फिर सड़कों पर उतरेगी तथा उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी,जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और भाजपा जनप्रतिनिधियों की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे