home page

बिजली संबंधी शिकायतों का अभियान चलाकर करें निराकरण, सड़क मरम्मत में लाएं तेजी : कलेक्टर

 | 
बिजली संबंधी शिकायतों का अभियान चलाकर करें निराकरण, सड़क मरम्मत में लाएं तेजी : कलेक्टर


टीएल बैठक में धान खरीद, पाइप्ड गैस कनेक्शन, भू-अर्जन और फसल क्षति सर्वे की हुई समीक्षा

बिलासपुर / रायपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बुधवार को समय-सीमा की बैठक में जिले में जनसमस्याओं के निराकरण और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को टूटे एवं झूलते तारों, टेढ़े खंभों और ट्रांसफार्मर से संबंधित शिकायतों का अभियान चलाकर निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतें मैदानी स्तर की समस्याओं का महत्वपूर्ण संकेतक हैं। इनके आधार पर समस्या प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने धान खरीद की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र में निगरानी समिति के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं। जिले के जिन 22 केंद्रों में अब तक धान खरीद प्रारंभ नहीं हुई है, वहां तत्काल खरीद शुरू कराई जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया की जांच कर कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।

बैठक में पाइप्ड गैस कनेक्शन के विस्तार की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में इस वर्ष 75 हजार कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें बिलासपुर में 40 हजार तथा तखतपुर और रतनपुर में आठ-आठ हजार कनेक्शन देने की संभावना है। शहर में अब तक 2,700 कनेक्शन दिए जा चुके हैं। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों सहित सभी शासकीय संस्थानों को भी पाइप्ड गैस सुविधा से जोड़ने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पाइप्ड गैस के उपयोग से ईंधन लागत में लगभग 30 प्रतिशत की बचत होती है।

कलेक्टर ने भू-अर्जन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन जमीनों का अर्जन और मुआवजा भुगतान हो चुका है, उन्हें अभियान चलाकर संबंधित विभागों के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराया जाए। जिन प्रकरणों में संबंधित विभागों से भू-अर्जन की राशि प्राप्त हो चुकी है, उनमें एसडीएम तत्काल मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने शासकीय कामकाज में ई-ऑफिस के अधिकाधिक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि अधिकारियों के कार्यों के मूल्यांकन में ई-फाइलिंग की प्रगति को भी आधार बनाया जाएगा।

सड़क मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़क मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा आगामी मंगलवार को अपराह्न में की जाएगी।

कलेक्टर ने फसल क्षति सर्वेक्षण में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि खड़ी फसल और कटाई के बाद हुई क्षति, दोनों का आकलन किया जाए। किसानों को फसल नुकसान की सूचना हेल्पलाइन नंबर 14447 पर देने की जानकारी भी दी गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को फसल क्षति आकलन के संबंध में प्रशिक्षण दिया।

बैठक में विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय से जुड़े विषयों तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। इसके साथ आयोजित एनकॉर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर ने स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशामुक्ति के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और अन्य गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल