सरसोंपुरी में निकली तिरंगा यात्रा, बच्चों से बुजुर्गों तक दिखा उत्साह
धमतरी, 11 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व ग्राम सरसोंपुरी राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश लेकर ग्रामीणों ने तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भारत माता के जयघोष करते हुए यात्रा में शामिल हुए। पूर्व विधायक धमतरी रंजना साहू ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व गांव-गांव में होने वाले ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता से जोड़ने का माध्यम हैं। मंडल प्रभारी चेतन हिंदूजा ने कहा कि देशभक्ति किसी राजनीतिक सीमा में बंधी भावना नहीं है। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा सभी भारतीयों को एक सूत्र में जोड़ता है। ऐसे आयोजन समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। मंडल सह प्रभारी उमेश साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पूर्व ऐसे आयोजनों से आमजन में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना मजबूत होती है। सामाजिक एवं राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में नागरिकों की सहभागिता से समाज में एकता, सद्भाव और राष्ट्रभक्ति की भावना को बल मिलता है। ग्रामीणों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले इस तरह के आयोजन बच्चों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने के साथ समाज को एकजुट करने का काम करते हैं। कार्यक्रम का संचालन मंडल सह प्रभारी एवं जिला महामंत्री राकेश सिन्हा एवं आभार प्रदर्शन महामंत्री दमयंती साहू ने किया। इस तिरंगा यात्रा में डीपेंद्र साहू, अवध राम साहू, साकेत साहू, ज्ञानी राम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

