home page

जांजगीर-चांपा में राष्ट्रप्रेम के जज्बे के साथ निकली तिरंगा यात्रा, कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी

 | 
जांजगीर-चांपा में राष्ट्रप्रेम के जज्बे के साथ निकली तिरंगा यात्रा, कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी


जांजगीर-चांपा में राष्ट्रप्रेम के जज्बे के साथ निकली तिरंगा यात्रा, कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी


जांजगीर-चांपा, 9 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों की शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत रविवार को जिले में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं यात्रा में शामिल होकर खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

तिरंगा यात्रा में जिले के विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े खिलाड़ी, प्रशिक्षक और प्रतिभागी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर आगे बढ़ते खिलाड़ियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। यात्रा के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान के साथ-साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने की अपील की।

जिले में 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति और जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान तिरंगा यात्रा, रैलियां, दौड़ एवं मैराथन, देशभक्ति संगीत कार्यक्रम, कैनवास गतिविधियां, तिरंगा प्रतिज्ञा, सेल्फी अभियान, सम्मान कार्यक्रम तथा जनजागरूकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का उद्देश्य जिले के नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान से जोड़ना है। प्रशासन द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ ही नागरिकों में देश के प्रति जिम्मेदारी और गौरव की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

तिरंगा यात्रा के अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम, एसडीएम जांजगीर एवं खेल अधिकारी सुब्रत प्रधान, तहसीलदार शशिभूषण सोनी, गोपेश्वर कहरा, वरुण पांडेय, दीपक यादव, बघेल सहित विभिन्न खेल विधाओं के प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT