हसदेव नदी में बहे चौकसे कॉलेज के तीन छात्र, तलाश जारी
जांजगीर-चांपा, 11 सितम्बर (हि. स.)। जिले के देवरी गांव में पिकनिक मनाने पहुंचे चौकसे कॉलेज के तीन छात्र हसदेव नदी के तेज बहाव में बह गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सैनिक गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और लापता छात्रों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार को बिलासपुर से चौकसे कॉलेज के करीब 8 छात्र-छात्राएं पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान हसदेव नदी के किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। उसे बचाने के प्रयास में उसके दो अन्य साथी भी नदी में कूद गए। नदी में पानी का तेज बहाव होने के कारण तीनों छात्र बह गए और देखते ही देखते लापता हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को भी तत्काल बुलाया गया। गोताखोर नदी में उतरकर तीनों छात्रों की तलाश कर रहे हैं। फिलहाल तीनों छात्रों का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और बचाव दल द्वारा नदी के आसपास के हिस्से में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

