home page

बजट में धमतरी को तीन मेगा प्रोजेक्ट, हाेगा तेजी से विकास

 | 
बजट में धमतरी को तीन मेगा प्रोजेक्ट, हाेगा तेजी से विकास


धमतरी , 24 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बजट में धमतरी जिले के लिए तीन मेगा प्रोजेक्ट सहित कई अन्य कार्य की स्वीकृति मिली है इससे धमतरी जिले का तेजी से विकास होगा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 24 फरवरी को पेश आम बजट में जिले में विकास की उम्मीद बढ़ाई है। खासकर उन बड़े विकास कार्याें से विकास की रफ्तार को गति मिल सकती है। जिससे जिले का पर्यटन, अधोसंरचना एवं औद्योगिक विकास जुड़ा हुआ है।

बजट के अनुसार धमतरी जिले में स्थित सबसे बड़े पर्यटन केन्द्र गंगरेल बांध को नेशनल हाईवे में पुरूर से सीधे जोड़ा जाएगा। लगभग 15 किलोमीटर दूर लंबी इस सड़क के चोड़ीकरण से यह पर्यटन केन्द्र बस्तर व बालोद क्षेत्र से सुगम सड़क संपर्क से जुड़ेगा। वहीं रायपुर, भिलाई एवं अन्य क्षेत्रों के पर्यटक भी बिना किसी ट्रैफिक के इस रूट से आसानी से गंगरेल पहुंच सकेंगे।

बजट में धमतरी के 220 बिस्तर जिला अस्पताल के भवन निर्माण के लिए बजट में विशेष प्रविधान किया है, इस खबर को सुनने के बाद शहरवासियों समेत पूरे जिले में खुशी का माहौल है, क्योंकि जिला अस्पताल की बिल्डिंग सालों पुरानी है। जर्जर है। नई बिल्डिंग बनने के बाद इसका लाभ धमतरी समेत पड़ोसी जिला बालोद, कांकेर व ओड़िशा के मरीजों को फायदा मिलेगा।

जिला अस्पताल धमतरी के वर्तमान भवन को निर्माण हुए 50 वर्ष से अधिक हो चुका है। जहां शासन से 220 बिस्तर स्वीकृत है, लेकिन 250 बिस्तर संचालित किया जा रहा है। जगह का अभाव बना हुआ हैै। जर्जर बिल्डिंग में बारिश के दिनों में मरीज व अस्पताल स्टाफ को जान का खतरा बना रहता हैै। छत का प्लास्टर भी गिरता रहता हैै। बारिश के दिनों में भारी सीपेज होता है, इससे कई तरह की परेशानियां होती हैै। इन्हें देखते हुए जिला अस्पताल प्रबंधन लंबे समय से शासन-प्रशासन को जिला अस्पताल धमतरी में नई बिल्डिंग निर्माण के लिए पत्र भी लिख रहा था, इसे अब जाकर गंभीरता से लिया गया हैै। 24 फरवरी को आम बजट में जिला अस्पताल धमतरी की नई बिल्डिंग निर्माण के लिए बजट में प्रविधान किया गया हैै। निर्माण के लिए राशि स्वीकृति के बाद जब बिल्डिंग तैयार हो जाएगा, तो जिले के 10 लाख जनता समेत पड़ोसी जिला बालोद, कांकेर और ओड़िशा के लोगों को इसका फायदा मिलेगा। नई बिल्डिंग बनने के बाद जिला अस्पताल में संचालित ओपीडी, आईपीडी, एसएनसीयू, एनआरसी, ब्लड बैंक, हमर लैब, एक्स - रे, सोनोग्राफी, सीटी स्कैन जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पर्याप्त जगह मिलेगा।

सड़क चौड़ीकरण की घोषणा से क्षेत्र में उत्साह: मोहित देवांगन

छत्तीसगढ़ के प्रस्तुत बजट में ग्राम गोकुलपुर वार्ड से ग्राम भटगांव तक सड़क चौड़ीकरण की घोषणा ने क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ा दी है। ग्राम पंचायत भटगांव के पूर्व सरपंच मोहित देवांगन ने इसे वर्षों पुरानी मांग की पूर्ति बताते हुए कहा कि इस निर्णय से पूरे क्षेत्र को बड़ी राहत मिलेगी। यह मार्ग लंबे समय से संकरा होने के कारण आवागमन में दिक्कतें आ रही थीं। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों और रोजाना कामकाज के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती थी। बरसात के दिनों में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती थी। सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र के 20 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। आवाजाही सुगम और सुरक्षित होगी, जिससे व्यापार, कृषि गतिविधियों और आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही, आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी रोक लग सकेगी।

सुशासन से समृद्धि मॉडल को आधार प्रदान करेगा बजट: चेतन हिन्दूजा

भाजपा जिला कोषाध्यक्ष चेतन हिन्दूजा ने कहा कि यह बजट प्रदेश के सुशासन से समृद्धि माडल को मजबूत आधार प्रदान करेगा और विकास की गति को और तेज करेगा। बजट में धमतरी जिले को 200 बेड के जिला अस्पताल भवन निर्माण तथा गंगरेल से पुरुर रोड के लिए राशि का प्रावधान किया गया है। इन दोनों कार्यों का बजट में शामिल होना धमतरी के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह बजट न केवल धमतरी बल्कि पूरे प्रदेश के बुनियादी ढांचे, रोजगार सृजन, कृषि उन्नयन, सामाजिक सुरक्षा और मानव संसाधन विकास को नई दिशा देने वाला है। बजट से विकास के नए द्वार खुलेंगे और प्रदेश आत्मनिर्भरता, आर्थिक प्रगति तथा समृद्धि के नए दौर में प्रवेश करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा