home page

घोंघा नदी में तीन बच्चे बहे, एक का शव मिला; दो की तलाश जारी, समडील गांव में पसरा मातम

 | 
घोंघा नदी में तीन बच्चे बहे, एक का शव मिला; दो की तलाश जारी, समडील गांव में पसरा मातम


बिलासपुर, 23 अगस्त (हि.स.)।तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में शनिवार को घोंघा नदी पार करते समय तीन बच्चे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश शुरू की और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आज रविवार सुबह एक बच्चे का शव नदी से बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।

जानकारी के अनुसार, गांव के तीन बच्चे शनिवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। घर पहुंचने के रास्ते में घोंघा नदी पड़ती है। बताया जा रहा है कि सुबह जब बच्चे स्कूल गए थे, तब नदी में पानी का स्तर काफी कम था। लेकिन दिनभर हुई बारिश के बाद लौटते समय नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और पानी का बहाव तेज हो गया। इसी दौरान नदी पार करते वक्त तीनों बच्चे बहाव की चपेट में आ गए।

हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी के पास पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू की और बाद में पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की। रविवार सुबह एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो बच्चों का अभी पता नहीं चल सका है।

नदी में बहे बच्चों की पहचान अनमोल जायसवाल (7 वर्ष ), स्तुति जायसवाल (9 वर्ष ) और शिक्षा जायसवाल (8 वर्ष ) के रूप में हुई है। हादसे के बाद से गांव में शोक का माहौल है। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जांच अधिकारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो लापता बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है।

क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई स्थानों पर तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले रास्तों को पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने के जोखिम को सामने ला दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय