कार सवार को रोककर पांच हजार की लूट के नाबालिग सहित तीन आरोपित हिरासत में
जगदलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। जिले के परपा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पल्ली रोड, कांगोली में कार से लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर मार-पीट करने और 05 हजार रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने आज साेमवार काे दो आरोपिताें काे गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
गिरफ्तार आराेपिताें में प्रकाश सेकर (26), निवासी महावीर नगर, जगदलपुर और राजीव साहू (23), निवासी तेतरकुटी, जगदलपुर शामिल है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से लूट की रकम में से एक हजार रुपये बरामद किए हैं।
परपा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम राजुर, तोकापाल निवासी चुम्मन दास (34) ने थाना परपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 30 अक्टूबर को वह अपने निजी काम से कार लेकर तोकापाल गया था। वहां से लौटते समय वह ग्राम पल्ली रोड होते हुए धरमपुरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान 31 अक्टूबर की रात करीब 12:10 बजे ग्राम पल्ली रोड, कांगोली में एक डेली नीड्स दुकान के पास तीन लोगों ने उसकी कार रुकवा ली। आरोपिताें ने उसे डराया-धमकाया और उसके साथ मार-पीट की। इसके बाद उसकी जेब में रखे करीब 05 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
पुलिस पीड़ित की शिकायत पर परपा थाने में अपराध क्रमांक 277/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और एसडीओपी लक्ष्मण पोटाई के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पीड़ित से पूछ-ताछ की। इसके साथ ही तकनीकी जानकारी और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का विश्लेषण कर आरोपिताें की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार, साक्ष्यों और आरोपिताें के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गिरफ्तार आराेपिताें की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 02 नवंबर को प्रकाश सेकर (26), निवासी महावीर नगर, जगदलपुर और राजीव साहू (23), निवासी तेतरकुटी, जगदलपुर को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही वारदात में शामिल एक नाबालिग बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया। आरोपिताें के कब्जे से घटना में लूट का एक हजार रुपये जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपिताें को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जबकि बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

