वन्य प्राणी अजगर काे कुल्हाड़ी से काटने का वीडियाे बनाने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार
कांकेर, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के कांकेर वन परिक्षेत्र अंर्तगत नाथिया नवागांव में रहने वाले तीन युवकों ने वन्य प्राणी एक अजगर की कुल्हाड़ी से काट डाला । इतना ही नहीं, आरोपिताें ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम ने तीनों आरोपिताें को आज साेमवार काे गिरफ्तार कर कार्रवाई उपरांत वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत जेल दाखिल कर दिया।
आरोपिताें ने बताया कि अजगर उनके फार्म हाउस की एक मुर्गी को खा गया था, जिससे नाराज होकर उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को भोजन की तलाश में एक अजगर युवकों के फार्म हाउस पहुंचा। वहां उसने एक मुर्गी को अपना शिकार बनाकर खा लिया। यह देखकर युवक गुस्से में आ गए और घर में रखी कुल्हाड़ी से अजगर काे बेरहमी से काट डाला। घटना के दौरान उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने साेमवार काे कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। पूछ-ताछ में आरोपिताें ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुल्हाड़ी से अजगर काे काटने की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

