home page

कोरबा : रिटायर्ड एएसआई के सूने घर में फिर चोरी, बारात में गए थे परिवार वाले

 | 
कोरबा : रिटायर्ड एएसआई के सूने घर में फिर चोरी, बारात में गए थे परिवार वाले


कोरबा : रिटायर्ड एएसआई के सूने घर में फिर चोरी, बारात में गए थे परिवार वाले


कोरबा, 08 अप्रैल (हि. स.)। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी कॉलोनी में एक रिटायर्ड एएसआई के घर दूसरी बार चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीएसईबी कॉलोनी निवासी रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार अपने बेटे की शादी के सिलसिले में मंगलवार रात बारात लेकर बालको स्थित साईं मंगलम भवन गए हुए थे। आज बुधवार सुबह पड़ोसियों ने उनके घर का दरवाजा संदिग्ध अवस्था में देखा और तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक व सिविल लाइन थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और सीएसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गलेटबिन कुमार ने पुलिस को फोन पर बताया कि घर में करीब 20 हजार रुपये नकद, लैपटॉप, कंप्यूटर, टीवी सहित मेहमानों का सामान रखा हुआ था। हालांकि, चोरी गए सामान का सही आंकलन उनके वापस लौटने के बाद ही हो सकेगा।

यह पहला मामला नहीं है जब उनके घर को चोरों ने निशाना बनाया हो। इससे पहले जनवरी माह में भी इसी घर में चोरी हुई थी, जिसमें करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हो गई थी। उस मामले में अब तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी