home page

बलरामपुर : दो चोरी के मामलों का खुलासा, स्कूटी व जेवर बरामद

 | 
बलरामपुर : दो चोरी के मामलों का खुलासा, स्कूटी व जेवर बरामद


बलरामपुर, 09 जुलाई (हि.स.)।बलरामपुर जिले के कुसमी पुलिस ने नगर में हुई दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक और उसके सहयोगी आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की दो स्कूटी, सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। दोनों को गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 19 और 20 जून की दरम्यानी रात तिवारी कॉलोनी निवासी तसिया एक्का के किराये के मकान की खिड़की की जाली उखाड़कर अज्ञात चोर ने घर के भीतर रखी स्कूटी की चाबी निकाली और आंगन में खड़ी टीवीएस जुपिटर स्कूटी क्रमांक सीजी 14 एमक्यू 0463 चोरी कर ली थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

इसके बाद 1 और 2 जुलाई की दरम्यानी रात जशपुर रोड, कुसमी निवासी चंदन गुप्ता के घर का ताला तोड़कर चोर घर में घुस गया। आरोपित सोने-चांदी के जेवर, नगदी, एप्पल मोबाइल और घर के बाहर खड़ी टीवीएस जुपिटर स्कूटी चोरी कर फरार हो गया। लगातार हुई दो चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देश पर एसडीओपी कुसमी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक और चोरी का सामान छिपाने में सहयोग करने वाले आरोपित सुरेंद्र नगेशिया को अंबिकापुर से अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के बाद दोनों चोरी के मामलों में चोरी गई दो स्कूटी, सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत बालक और सह-आरोपित सुरेंद्र नगेशिया को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पूरे मामले के खुलासे में थाना कुसमी और सामरी पुलिस की टीम, जिसमें उप निरीक्षक दीपक बड़ा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक निरेंद्र भंडारी, जयश्री वर्मा, प्रधान आरक्षक विकास कुजूर, संजय साहू तथा आरक्षक मनोज लकड़ा, धीरेंद्र चंदेल और विकास भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय