राखी पर्व को लेकर बाजार में रौनक, 28 अगस्त काे मनेगा त्योहार
धमतरी, 23 अगस्त (हि.स.)। राखी का त्योहार नजदीक आते ही राखी की दुकानों में राखियों की खरीदारी होने लगी है। बहने अपने भाइयों के लिए तरह-तरह की राखियां पसंद कर रही हैं। बाजार आकर्षक राखियों से पट गया है। पर्व के पहले अंतिम रविवार होने के कारण इतवारी बाजार में ग्राहकों की भीड़ जुटी।
भाई बहन के स्नेह का पर्व 28 अगस्त को उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। पर्व की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे बाजार में रौनक भी बढ़ने लगी है। शहर के चौक-चौराहों में आकर्षक राखियों से बाजार का आकर्षण दिखते ही बन रहा है। दोपहर और शाम के समय बाजार में राखियां खरीदने के लिए भीड़ लगने लगी है। शहर की प्रमुख दुकानों के अलावा चौक- चौराहों में खुली दुकानों में आकर्षक राखियों खरीदते हुए बहनों को देखा जा सकता है। मौसम में बादल छाए रहने के बाद भी बारिश नहीं होने से मौसम खुला रहा। मौसम साफ रहने का भी असर बाजार पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। राखी विक्रेता धनंजय कुमार साहू, पुष्कर देवांगन ने बताया कि बाजार में कई प्रकार की राखियां उपलब्ध हैं। इन राखियों की कीमत पांच रुपये से लेकर 100 रुपये तक है। भाईयों के अलावा भैया भाभी राखी, घर में रखे विभिन्न सामग्रियों को बांधी जाने वाली राखियों का अलग ही चलन है। इसके अलावा कई ब्राह्मण घर-घर जाकर राखियां भी बांधकर दक्षिणा प्राप्त करते हैं उनके लिए रेशम वाली राखियां बाजार में हैं।पसंद की जा रही मेटल, फ्रेमवर्क, जरी वाली राखियां मेटल, फ्रेमवर्क, जरी वाली राखियां ज्यादा पसंद की जा रही हैं। क्राफ्ट वर्क की राखियां बाजार में है। पुराने समय में फोम वाली राखियों का चलन था। आज मार्केट से यह गायब है। आजकल छोटे साइज के राखियां पसंद की जा रही है।एक अन्य विक्रेता मोहन साहू ने बताया कि धमतरी शहर में पटवा समाज के अधिकांश लोग राखियां तैयार करते हैं। बाजार में कई प्रकार की राखियां आने से इनका व्यवसाय प्रभावित हुआ है। आज महंगाई बढ़ गई है। इसके कारण राखियों की कीमत बढ़ी हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार इनकी कीमत में 10 प्रतिशत से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

