home page

ड्रोन से बदलेगी खेती की तस्वीर, धमतरी में हाईटेक कृषि की शुरुआत

 | 
ड्रोन से बदलेगी खेती की तस्वीर, धमतरी में हाईटेक कृषि की शुरुआत


ड्रोन से बदलेगी खेती की तस्वीर, धमतरी में हाईटेक कृषि की शुरुआत


धमतरी, 02 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले में खेती को आधुनिक और लाभकारी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर अब धमतरी के किसान हाईटेक खेती की ओर बढ़ रहे हैं, जहां ड्रोन तकनीक से खेती को नई रफ्तार मिलेगी।

‘सहकारिता से समृद्धि’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए सहकारी समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से जोड़ा जा रहा है, जिससे किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों की सीधी पहुंच सुनिश्चित हो सके। इसी क्रम में ड्रोन तकनीक का सफल प्रदर्शन किया गया, जिसने किसानों और अधिकारियों को खेती के नए आयामों से परिचित कराया।

डेमोंस्ट्रेशन के दौरान ड्रोन के जरिए कीटनाशक और उर्वरकों के छिड़काव की पूरी प्रक्रिया को प्रत्यक्ष दिखाया गया। इस तकनीक से कम समय में बड़े क्षेत्र में सटीक छिड़काव संभव है, जिससे लागत घटती है और उत्पादन में वृद्धि होती है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और तकनीकी टीम से ड्रोन के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी ली और इसे व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक को अपनाना अब समय की जरूरत है और इससे किसानों की आय में बढ़ोतरी के नए रास्ते खुलेंगे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में सीएससी के माध्यम से हर सहकारी समिति को तकनीकी रूप से सशक्त किया जाएगा, ताकि जिले का हर किसान आधुनिक संसाधनों का लाभ उठा सके और आत्मनिर्भर बन सके। कार्यक्रम में डीआरसीएस, नोडल सीसीबी, बैंक शाखा प्रबंधक, समिति प्रबंधक, सीएससी के सुरेंद्र दास, विनय गिरि सहित बड़ी संख्या में किसान और ड्रोन तकनीकी टीम के सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा