कलेक्टर मिश्रा ने भरा स्व-गणना फॉर्म, नागरिकों से जुड़ने की अपील
धमतरी, 18 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय जनगणना 2026 के तहत स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खुद ऑनलाइन फॉर्म भरकर जिलेवासियों के सामने मिसाल पेश की। इस पहल के जरिए उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है, जो विकास की दिशा तय करती है।
कलेक्टर मिश्रा ने लोगों से अपील की कि भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए डिजिटल स्व-गणना विकल्प का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने बताया कि नागरिक http://se.census.gov.in� पोर्टल के माध्यम से अपने और परिवार के सदस्यों की जानकारी आसानी से दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और समय बचाने वाली है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना से प्राप्त आंकड़े अधिक सटीक और पारदर्शी होते हैं, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने में मदद मिलती है। सही आंकड़े ही संसाधनों के संतुलित और न्यायसंगत वितरण का आधार बनते हैं।
कलेक्टर ने यह भी भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होता है। इसलिए नागरिक बिना किसी झिझक के सही और पूर्ण जानकारी दर्ज करें। जिला प्रशासन की ओर से स्व-गणना को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है। कलेक्टर की इस पहल को प्रशासनिक स्तर पर एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे जिले में जनगणना के प्रति जागरूकता और भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

