home page

रक्षित केंद्र में गूंजे अश्रु गैस के धमाके, बलवा नियंत्रण का हुआ लाइव अभ्यास

 | 
रक्षित केंद्र में गूंजे अश्रु गैस के धमाके, बलवा नियंत्रण का हुआ लाइव अभ्यास


रक्षित केंद्र में गूंजे अश्रु गैस के धमाके, बलवा नियंत्रण का हुआ लाइव अभ्यास


रक्षित केंद्र में गूंजे अश्रु गैस के धमाके, बलवा नियंत्रण का हुआ लाइव अभ्यास


धमतरी, 15 मई (हि.स.)। धमतरी जिले में कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने और पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार काे रक्षित केंद्र धमतरी के परेड ग्राउंड में बलवा ड्रिल मॉकड्रिल का छठवां सत्र आयोजित किया गया। अभ्यास के दौरान दंगा, पथराव और उपद्रव जैसी परिस्थितियों का वास्तविक दृश्य तैयार कर पुलिस जवानों ने बलवा नियंत्रण की रणनीति का प्रदर्शन किया।

मॉकड्रिल में प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस बल पर आक्रामक व्यवहार की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा ने जवानों की अलग-अलग टीमें गठित कर टियर गैस पार्टी, केन पार्टी, लाठी पार्टी, राइफल पार्टी और मेडिकल पार्टी को जिम्मेदारियां सौंपीं। अभ्यास के दौरान पुलिस ने सबसे पहले प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। भीड़ के उग्र होने और पथराव शुरू होने पर चरणबद्ध कार्रवाई करते हुए चेतावनी दी गई। स्थिति नहीं संभलने पर अश्रु गैस के गोले छोड़े गए। इसके बाद भी उपद्रव जारी रहने पर माइक अनाउंसमेंट के जरिए अंतिम चेतावनी दी गई और फिर लाठीचार्ज का अभ्यास किया गया। मजिस्ट्रेट के आदेश की प्रक्रिया के तहत पांच राउंड फायरिंग का भी प्रदर्शन किया गया।

मॉकड्रिल में कुछ पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के घायल होने की काल्पनिक स्थिति भी बनाई गई, जिनका मेडिकल टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार कर एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने ही दंगाई एवं पुलिस दोनों की भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने अभ्यास की विस्तृत समीक्षा करते हुए बलवा नियंत्रण, टीम समन्वय, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और त्वरित निर्णय क्षमता को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। अभ्यास के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर आरक्षक धनेन्द्र साहू को 100 रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं सउनि राधेश्याम बंजारे, आरक्षक गिरधर साहू और आरक्षक गनपत साहू के सेवा पुस्तिका में प्रशंसा अंकित करने की घोषणा की गई।

मॉकड्रिल के दौरान सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव सहित जिले के थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा