home page

धमतरी जिला के कुर्रा स्कूल में शिक्षकों की कमी, ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे

 | 
धमतरी जिला के कुर्रा स्कूल में शिक्षकों की कमी, ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे


धमतरी, 15 जुलाई (हि.स.)। धमतरी जिला के विकासखंड कुरुद के ग्राम पंचायत कुर्रा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी को लेकर बुधवार काे ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और अतिरिक्त शिक्षक की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में 46 विद्यार्थी दर्ज हैं, लेकिन केवल एक प्रधानपाठक और एक सहायक शिक्षक के भरोसे कक्षा पहली से पांचवीं तक की पढ़ाई संचालित हो रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

ग्रामीण पुरुषोत्तम, धरमिन, भीमेश्वरी एवं सुमित्रा ने बताया कि दो शिक्षकों के लिए एक साथ पांच कक्षाओं का संचालन करना व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है। कई बार एक शिक्षक को एक से अधिक कक्षाओं को एक साथ संभालना पड़ता है, जिससे विद्यार्थियों को पर्याप्त समय और व्यक्तिगत मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सत्र 2026-27 को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में कम से कम एक अतिरिक्त शिक्षक की पदस्थापना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुरुद विकासखंड के कई विद्यालयों में कम छात्र संख्या होने के बावजूद अतिरिक्त शिक्षक कार्यरत हैं। ऐसे विद्यालयों से एक शिक्षक को कुर्रा प्राथमिक शाला में पदस्थ किया जा सकता है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि बच्चों के हित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था सुचारु हो सके और विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो। इस दौरान शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, सदस्य, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा