home page

शिक्षक दिवस पर चांदमारी स्कूल में हुआ शैक्षिक खेल, बच्चे हुए पुरस्कृत

 | 
शिक्षक दिवस पर चांदमारी स्कूल में हुआ शैक्षिक खेल, बच्चे हुए पुरस्कृत


रायगढ़, 05 सितंबर (हि.स.)। शहर के चांदमारी स्थित शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला में शिक्षक दिवस मनाया गया। प्रभारी प्राचार्य भरत लाल नामदेव, वरिष्ठ व्याख्याता निराकार पटेल, निशा चौहान, शालेय शिक्षकों की मौजूदगी में संस्था प्रमुख डॉ. मनीषा त्रिपाठी (राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित) की अध्यक्षता में भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति व द्वितीय राष्ट्रपति प्रख्यात् शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर दीप प्रज्जवलित कर, पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

स्कूल में स्थानांतरण पश्चात् पदस्थापित निशा चौहान का संस्था प्रमुख डॉ. मनीषा त्रिपाठी की ओर से प्राचार्य भरत लाल नामदेव ने शाल और श्रीफल भेंट कर शाला परिवार में शामिल किया। संस्था प्रमुख ने डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों एवं पदचिह्नों पर चलने के लिए प्रेरित किया। कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत छात्रा रीतिका देवांगन ने शिक्षक दिवस के संदर्भ में अपने उद्गार प्रस्तुत किया। इसी क्रम में निशा चौहान ने बच्चों को नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने पर जोर दिया। अगले क्रम में प्रभारी प्राचार्य बीएल नामदेव ने प्राथमिक शाला के कार्यक्रम से अभिभूत होकर गुरु की महिमा के बारे में बताते हुए बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

बच्चों के लिए एक मिनट का शैक्षिक खेल रखा गया। इसमें उन्होंने उत्साह के साथ सहभागिता दी। आज बच्चों को शालेय परिवार द्वारा आईडी कार्ड वितरित किया गया। प्रत्येक कक्षा में शत प्रतिशत उपस्थित बच्चों को यथा निखत, आश्मीरा, हानिया, ममता, तरन्नुम और सभी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ऋतिका देवांगन को पुरस्कृत करते हुए सामाजिक न्याेता भोज भी दिया गया। अंत में राज्यपाल और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक भरत लाल साहू और उनकी टीम ने बच्चों को शैक्षिक पूरक सामग्री वितरण किया। प्रभारी प्राचार्य बीएल नामदेव ने डॉ. मनीषा त्रिपाठी को सम्मानित किया। खुशनुमा माहौल में शिक्षक दिवस का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान