home page

खरतुली स्कूल में शिक्षिकाओं, रसोइयों व स्वीपर दीदी का हुआ सम्मान

 | 
खरतुली स्कूल में शिक्षिकाओं, रसोइयों व स्वीपर दीदी का हुआ सम्मान


धमतरी, 09 मार्च (हि.स.)। विकासखण्ड धमतरी के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला खरतुली में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर साेमवार काे विद्यालय में कार्यरत समस्त महिला कर्मचारियों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा गया।

विद्यालय की महिला कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को याद किया। इसके बाद प्रेरणा गीत की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। इस अवसर पर शिक्षिका राजेश्वरी ठाकुर और तारकेश्वरी सोनबेर ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की मेहनत, समर्पण और संघर्ष के कारण आज वे शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को भी महिलाओं के सम्मान और समानता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं, रसोइयों तथा स्वीपर दीदी का सम्मान किया गया। प्रधान पाठक दीनबंधु सिन्हा और बाल संसद के विद्यार्थियों द्वारा सभी महिला कर्मचारियों को श्रीफल, कलम और कप भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की और उपस्थित सभी लोगों ने तालियों के साथ महिलाओं के योगदान का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और नारी सम्मान के संदेश के साथ सभी ने महिलाओं के प्रति आदर और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर शिक्षिका राजेश्वरी ठाकुर, तारकेश्वरी सोनबेर, रसोइया ललिता, ओमेश्वरी, स्वीपर तुलसी उइके, बाल संसद के सदस्य तथा विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक दीनबंधु सिन्हा ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा