home page

शिक्षक तेज बहाव वाले नाले में वाहन सहित बहने लगे

 | 
शिक्षक तेज बहाव वाले नाले में वाहन सहित बहने लगे


काेंड़ागांव, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले के केशकाल में शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे स्कूल जाने के दौरान हाईस्कूल कुएंमारी में पदस्थ शिक्षक धर्मेंद्र दास वैष्णव एक नाले में तेज बहाव की चपेट में आ गए। अचानक पानी के तेज बहाव में शिक्षक वाहन सहित बहने लगे। शिक्षक ने किसी तरह हिम्मत दिखाते हुए अपनी जान बचा ली, लेकिन उनका वाहन पानी के तेज बहाव में बह गया।

हादसे के बाद शिक्षक और स्थानीय लोगों ने वाहन की तलाश शुरू की। करीब डेढ़ घंटे बाद वाहन एक पेड़ में अटका हुआ मिला। इसके बाद स्थानीय निवासी रस्सी लेकर मौके पर पहुंचकर कुएंमारी संकुल एवं बावनीमारी संकुल के शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने मिलकर रस्सी के सहारे वाहन को बांधा और काफी मशक्कत के बाद उसे नाले से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि, घटनास्थल के आगे एक बड़ा जलप्रपात है, जिसकी गहराई करीब 100 फीट बताई जा रही है। यदि शिक्षक और उनका वाहन पानी के तेज बहाव के साथ आगे तक बह जाते तो गंभीर हादसा हो सकता था। कुएंमारी के ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर पुलिया की तकनीकी स्थिति की जांच करवाकर सुरक्षित एवं बड़ी पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे