home page

टीबी मुक्त भारत अभियान को मिल रही गति, ग्राम कपोत में 59 लोगों की हुई एक्स-रे जांच

 | 
टीबी मुक्त भारत अभियान को मिल रही गति, ग्राम कपोत में 59 लोगों की हुई एक्स-रे जांच


बलरामपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले में टीबी की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह के नेतृत्व में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्रामीण एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर उनकी जांच और समय पर उपचार सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज सोमवार को विकासखंड बलरामपुर के ग्राम कपोत में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान ग्राम कपोत में निवासरत कुल 59 लोगों की एक्स-रे जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं और टीबी से बचाव एवं जांच के संबंध में जानकारी भी दी।

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित करने का उद्देश्य लोगों को उनके नजदीकी क्षेत्र में ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविरों के माध्यम से टीबी के संभावित मरीजों की समय पर पहचान की जा रही है, ताकि आवश्यक जांच के बाद उपचार शुरू किया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार टीबी की रोकथाम के लिए समय पर जांच और उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही लोगों में टीबी के लक्षणों और बचाव को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

समय पर जांच कराने की अपील

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह ने बताया कि जिले में टीबी की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जांच, उपचार और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि टीबी से संबंधित किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं।

उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार समय पर उपचार लेने से टीबी को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगे भी ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में इस तरह के शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय