home page

रक्षाबंधन से पहले मिठाइयों की जांच, खोवा-बेसन के नमूने लिए

 | 
रक्षाबंधन से पहले मिठाइयों की जांच, खोवा-बेसन के नमूने लिए


धमतरी, 19 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिले में सात दिवसीय बने खाबो, बने रहिबो 2.0 अभियान शुरू हो गया है। अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम मिठाई दुकानों, थोक निर्माताओं और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। पहले दिन टीम ने गोपी डेयरी से खोवा और बेसन से बनी मिठाइयों के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत 17 से 23 अगस्त तक जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, नमूना संकलन और जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। खासकर रक्षाबंधन के दौरान मिठाई, खोवा, बेसन, दुग्ध और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए मिलावट की आशंका वाले उत्पादों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग की टीम निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ निर्माण प्रक्रिया, साफ-सफाई और भंडारण व्यवस्था भी देख रही है। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा ने बताया कि खाद्य कारोबारियों को वर्षा ऋतु को देखते हुए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। खाद्य सामग्री को खुले में रखने और बेचने से बचने, गुणवत्तापूर्ण कच्ची सामग्री का उपयोग करने, निर्माण और बिक्री के दौरान सिर ढकने वाली टोपी और दस्ताने पहनने सहित आवश्यक स्वच्छता मानकों का पालन करने कहा गया है। प्रतिष्ठानों में स्वच्छ पेयजल, उचित तापमान और सुरक्षित भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।

विभाग ने नागरिकों से लाइसेंसी या पंजीकृत खाद्य कारोबारियों से ही सामग्री खरीदने की अपील की है। मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकिंग, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि, गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करने कहा है। खुले में रखी या संदिग्ध गुणवत्ता वाली सामग्री खरीदने से बचने की सलाह दी गई है। अभियान के आगामी दिनों में भी जिलेभर में जांच और नमूना संकलन की कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा